Indore Metro Rail Project: आ गई सुखद खबर! इंदौर में इस दिन से फर्राटा भरेगी मेट्रो, शुरुआती चरण में चलेगी तीन डिब्बों वाली मेट्रो ट्रेन
MP Metro: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में मेट्रो रेल का सपना अब साकार होने के करीब है। वर्षों के इंतजार के बाद, 2025 की शुरुआत में इंदौर के निवासियों के लिए मेट्रो का संचालन शुरू हो सकता है। इस मेट्रो परियोजना का मुख्य उद्देश्य शहर में यातायात का दबाव कम करना और यात्रियों को आधुनिक एवं तेज़ परिवहन सेवा उपलब्ध कराना है।
मेट्रो परियोजना का पहला चरण गांधी नगर स्टेशन से सुपर कॉरिडोर स्टेशन क्रमांक-तीन तक 5.9 किलोमीटर लंबा खंड है। इस रूट पर सितंबर 2023 में परीक्षण रन किया गया था, और नए साल की शुरुआत में इस खंड पर मेट्रो सेवा शुरू करने की योजना बनाई जा रही है।
मेट्रो रेल का संचालन आरंभ करने से पहले सुरक्षा संबंधी सभी परीक्षण पूरे किए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन परीक्षण रिपोर्ट मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त (CMRS) को सौंपेगा, और निरीक्षण के बाद ही वाणिज्यिक परिचालन की अनुमति मिलेगी।
इंदौर मेट्रो के स्टेशनों को इस तरह डिज़ाइन किया गया है कि इनसे छह डिब्बों वाली मेट्रो ट्रेन भी चलायी जा सकेगी। हालांकि, शुरुआती चरण में केवल तीन डिब्बों वाली मेट्रो ट्रेन चलाई जाएगी, लेकिन यात्रियों की संख्या बढ़ने पर अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जा सकते हैं।
इस मेट्रो रेल परियोजना की कुल लागत 7,500.80 करोड़ रुपये है और इसके तहत शहर में 31.50 किलोमीटर लंबा मेट्रो रेल कॉरिडोर बनाया जाना है। इस परियोजना की नींव 14 सितंबर 2019 को रखी गई थी.
.png)